श्रीनगर। आर्थिक नाकेबंदी हटाने के लिए आठ दिनों तक कश्मीर
घाटी में जारी विरोध प्रदर्शन के बाद अलगाववादियों द्वारा तीन दिन के लिए
हड़ताल वापस लेने से वहां जनजीवन सामान्य हो गया है।
अलगाववादियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों तथा कर्मचारियों की समन्वय
समिति के मंगलवार से हड़ताल वापस लेने के निर्णय के कारण स्कूल, दुकानें,
व्यापारिक प्रतिष्ठान और कार्यालय आज खुल गए।
अंतर्राज्यीय बसों को भी सुचारू रूप से सड़कों पर चलते देखा गया। विरोध
स्वरुप तथा अलगाववादियों की मांगों के समर्थन में बसों तथा व्यवसायिक
प्रतिष्ठानों पर काले झंडे लगाए गए थे। अमरनाथ श्राइन बोर्ड को भूमि
हस्तांतरण के कारण घाटी में श्रीनगर-मुजफ्फराबाद मार्ग पर जारी आर्थिक
नाकेबंदी को समाप्त करने की मांग को लेकर अलगाववादियों द्वारा 11 अगस्त से
विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था।